न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र के गांव बिलारा के रहने वाले युवक को शातिर व्यक्ति ने कॉल पर झांसे मे लेकर खाता खाली कर दिया। मोबाइल पर भेजे गए एसएमएस के जरिये युवक को खाते से रकम कटने की जानकारी मिली। इस मामले में खाताधारक ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमित कुमार ने शिकायत में कहा है कि पांच जुलाई को उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाला मोटर साइकिल के फाइनेंस के संबंध में किसी विभाग से बात कर रहा था। उसने बताया कि उसकी बाइक की फाइनेंस किस्त अभी नहीं कटी हैं। इसके लिए उसे अपने मोबाइल में एक एप डाउनलोड करना होगा। इसके जरिये उसकी किस्त जमा होगी।
अमित कुमार ने युवक को बताया कि उन्होंने एप मोबाइल फोन में डाउनलोड कर लिया है और पूछे जाने पर उन्होंने उसे ओटीपी भी बता दिया। इसके बाद लगातार उनके खाते से कई बार में 30934 रुपये काट लिए गए। इसके संबंध में अमित कुमार ने भारतीय स्टेट बैंक की शाखा बिसावर में शिकायत भी दी है। संवाद