न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब रोडवेज बसों के चालक-परिचालकों को निर्धारित स्टॉपेज से सवारियां न उठाना भारी पड़ेगा। अगर स्टॉपेज पर सवारियां मौजूद हैं तो बस रोककर उन्हें बैठाना होगा। कम आय अर्जित करने पर चालक-परिचालकों पर जुर्माना किया जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों को आए-दिन शिकायतें मिल रही हैं कि बसों के चालक-परिचालक निर्धारित स्टॉपेज से सवारियां नहीं बैठाते हैं। डिपो की आय में भी गिरावट आ रही है। बीते दिनों क्षेत्रीय प्रबंधक ने बैठक के दौरान हाथरस डिपो के अधिकारियों को हर रोज साढ़े 11 लाख रुपये की आय अर्जित करने का लक्ष्य दिया है।
यही वजह है कि एआरएम ने भी बसों में सवारियां बैठाने में आनाकानी करने वाले चालक-परिचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। हाथरस डिपो की एआरएम शशी रानी का कहना है कि जिन चालक परिचालकों के बारे में स्टॉपेज से यात्री न उठाने की शिकायत मिलेगी, उन पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।