हाथरस: दुर्घटना में सड़क पर पलटी जीप और मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुरसान-सादाबाद पर गांव पटाखास निवासी एक व्यक्ति को बोलेरो ने पीछे से रौंद दिया। जिससे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान ही बोलेरो गाड़ी भी पलट गई। जिसमें चार लोग सवार थे। इधर, दुर्घटना की जानकारी पाकर जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गए और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।
रामवीर सिंह (45) पुत्र शेर सिंह निवासी पटाखान शुक्रवार को करीब दो बजे मुरसान से अपना काम कर वापस साइकिल से गांव जा रहा था। सादाबाद रोड स्थित अमरपुर गांव के निकट में पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय बोलेरो भी पलट गई। हादसे की खबर पीछे से आ रहे गांव के लोगों ने परिवार के लोगों को दी। जिसके चलते गांव से परिवार सहित काफी लोग मौके पर आ गए। हादसा होने के बाद बोलेरो में सवार चार लोगों में से दो लोग भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि बोलेरो में शराब व पानी के गिलास मिले हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो सवार घायल दो लोगों को उपचार के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि मृतक रामवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर, जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय भी वहां पहुंचे और मृतक के परिजन को सांत्वना दी। उन्होंने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को किसान बीमा के तहत पांच लाख रुपये दिलाने की मांग की। उनके साथ बृजेश कुमार चौहान, रणवीर पाठक, अनिल शर्मा, सुभाष चंद, चौधरी दिगंबर सिंह, चौधरी मानसिंह, घनश्याम सिंह दर्जी, हरिप्रसाद दिवाकर, गुड्डू दिवाकर, इंदल सिंह दर्जी, यतेंद्र सिंह दर्जी व भगवती प्रसाद शर्मा आदि थे।