न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के पसरट्टा बाजार में बदमाशों ने सुबह टहलकर लौट रही महिला को पिस्टल दिखाकर उसके गले से सोने की चेन लूट ली। बीच बाजार हुई इस घटना से वहां खलबली मच गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। निकट ही लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
शहर के हलवाई खाना निवासी अनुज कुमार पुत्र महेशचंद्र वार्ष्णेय की पत्नी राखी वार्ष्णेय व बहन एकता शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे टहलने निकली थीं। वह दोनों पथवारी मंदिर से किला गेट तक जाकर लौट रहीं थीं। जैसे ही वह पसरट्टा बाजार स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर के निकट पहुंचीं तो पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने दोनों के ऊपर पिस्टल तान दी और एकता के गले से चेन तोड़कर जाने लगे।
आसपास के लोगों ने उन्हें घेरना चाहा तो बदमाशों ने उनके ऊपर भी पिस्टल तान दी और फरार हो गए। मौके पर भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बताते हैं कि चार दिन पहले भी इसी तरह से बाइक सवार तीन बदमाश घंटाघर के निकट सुबह के वक्त एक महिला के गले से सोने की चेन लूटकर ले गए थे। पुलिस इन बदमाशों की तलाश में जुटी है।