न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव नगला भुस के निकट बाईपास पर सोमवार को कार की टक्कर से एक वृद्धा की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद नाती व पुत्रवधू घायल हो गए। यहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल मां-बेटा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम गृह पर परिवार के लोगों की भीड़ लग गई।
जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव तोछीगढ़ निवासी 70 वर्षीय महावीरी देवी पत्नी बाला सिंह का सादाबाद क्षेत्र के गांव समदपुर में मायका है। वृद्धा के मायके में किसी की मौत हो गई थी। सोमवार को वहां त्रयोदशी संस्कार और ब्रह्मभोज था। वृद्धा के साथ उनका नाती छोटू पुत्र राजपाल सिंह और पुत्रवधू निर्मला देवी भी समदपुर गए थे। वहीं से वह देरशाम को बाइक से लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक कोतवाली चंदपा के बाईपास रोड नगला भुस के निकट ब्रेकर पर पहुंची तो पीछे से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई और नाती व पुत्रवधू घायल हो गए। यहां पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर गांव तोछीगढ़ के काफी लोग भी हाथरस पहुंच गए। पोस्टमार्टम गृह पर परिवार के लोगों की भीड़ लग गई। संवाद