हाथरस : पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजनों से जानकारी करते रामेश्वर उपाध्याय।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बीते दिनों गांव मौनियां के निकट सड़क हादसे में घायल युवक की बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में गांव एदलपुर निवासी सुरेश कुमार पुत्र रामवीर सिंह ने कोतवाली में ट्रक संख्या आरजे 11 जीबी 0472 के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में सुरेश ने बताया कि 13 फरवरी को अपने साले भूमिपाल पुत्र रामदास निवासी नारकी थाना नारकी फिरोजाबाद के साथ बाइक से सादाबाद से अपने गांव एदलपुर जा रहा था, तभी मौनिया से आगे दूध डेयरी के पास विष्णु पुत्र श्यामवीर ने भूमिपाल को वार्ता करने के लिए रोक लिया और वह लघुशंका के लिए चला गया।
इसी दौरान राया की तरफ से आ रहे ट्रक के चालक ने तेजी और लापरवाही से ट्रक को चलाते हुए उसके भाई विष्णु और साले भूमिपाल में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सीएचसी से आगरा के लिए रेफर कर दिया गया।
18 फरवरी को सुबह करीब तीन बजे विष्णु पुत्र श्यामवीर की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर, परिजन मृतक के शव को सादाबाद सीएचसी ले आए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विष्णु की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा।