हाथरस : दुर्घटना में मृत युवक फैज का फाइल फोटो।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
एटा रोड स्थित गांव रतिभानपुर के निकट शुक्रवार की दोपहर को एक बाइक सामने से अचानक आई नील गाय से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी निवासी युवक फैज कुरैशी (19 वर्ष) पुत्र मुफीद कुरैशी शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बाइक पर मोहल्ले के ही शोएब पुत्र शमीम के साथ एटा जिले के निधौली कलां से सिकंदराराऊ आ रहा था। गांव रतिभानपुर के निकट एक नील गाय तेज गति से सड़क पर आ गई। यह नील गाय इनकी बाइक से टकरा गई। दुर्घटना में फैज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे बैठे शोएब को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। समाजसेवी इकराम कुरैशी ने मृतक के परिजनों को सीएचसी पहुंचकर सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।