न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के रामलीला मैदान के निकट बाइक सवार बदमाश रविवार की दोपहर को एक वृद्ध से छह हजार रुपये छीनकर भाग गए। बाइक सवार वृद्ध को बाइक से नीचे फेंककर चले गए, जिससे वह जख्मी हो गए। मौके पर काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने इस मामले से अनभिज्ञता जताई।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला खंदारी गढ़ी निवासी वृद्ध रामचरण पुत्र लीलाधर रविवार की दोपहर को शहर के सरस्वती हॉस्पिटल से दवा लेने जा रहे थे। मैफेयर होटल के पास पहुंचकर वृद्ध ने एक बाइक पर सवार दो युवकों से अस्पताल का पता पूछा। बाइक सवार युवक कहने लगे कि वह भी उसी ओर जा रहे हैं।
यह कहकर बाइक सवार युवकों ने वृद्ध को अपने साथ बाइक पर बिठा लिया और रामलीला मैदान के निकट पहुंचते-पहुंचते इन युवकों ने वृद्ध के हाथ से छह हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद यह लोग वृद्ध को बाइक से धक्का देकर फरार हो गए। वृद्ध को देखकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। कोतवाली सदर प्रभारी अरविंद कुमार राठी ने वृद्ध के साथ हुई घटना के बारे में जानकारी न होने की बात कही है।