न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रुहेरी-मेंडू रोड पर गांव अमरपुर घना के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से एक बाइक सवार युवक को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
अलीगढ़ जनपद के थाना विजयगढ़ क्षेत्र के गांव नगला पृथ्वी निवासी मनोज कुमार पुत्र रामनारायण अपनी दादी राजवती और बेटे अंकित को लेकर शहर से सटे गांव नगला अलगर्जी अपनी रिश्तेदारी में गए थे। वह अपने गांव लौट रहे थे।
इस बीच अमरपुर घना गांव के निकट उनकी बाइक और कपिल पुत्र भगवानदास निवासी दयानगर तोछीगढ़ की बाइक आमने-सामने से टकरा गईं, जिससे दोनों बाइकों पर सवार चारों महिला-पुरुष घायल हो गए। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से कपिल को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।