हाथरस: बिटिया के घर मिलने जाते समय रिश्तेदारों की जांच करते सीआरपीएफ के जवान।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिटिया के परिवार और आरोपियों के परिवार से सीबीआई की पूछताछ लगातार जारी है। बिटिया के पिता ने कहा है कि सीबीआई द्वारा ज्यादातर हमारे सभी रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है, जबकि आरोपी पक्ष के कम रिश्तेदारों से ही पूछताछ की गई है। अब हमें ईश्वर पर ही न्याय का भरोसा है। वैसे बिटिया के पिता का यह भी अंदाजा है कि सीबीआई अब इस मामले को जल्द खोल सकती है।
बिटिया के परिजनों, रिश्तेदारों और आरोपी पक्ष के परिजनों व रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। यहां तक कि इस घटना से संबंधित लोगों से भी सीबीआई ने पूछताछ की है। बिटिया के पिता का कहना है कि सीबीआई ने हमारे ज्यादातर सभी रिश्तेदारों से पूछताछ की है, जबकि आरोपी पक्ष के कम रिश्तेदारों से पूछताछ की गई है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गांव का निवासी होने के नाते अभी तक ग्राम प्रधान उनके घर संवेदना व्यक्त करने तक नहीं आए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि शासन स्तर से भी अभी तक नौकरी को लेकर कोई दस्तावेज हमें प्राप्त नहीं हुआ है।