बीएसए दफ्तर के बाबू को मिला स्थानांतरण आदेश पर स्टे
बीएसए दफ्तर के वरिष्ठ लिपिक का विभिन्न आरोपों के चलते कासगंज किया गया था स्थानांतरण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बीएसए हाथरस से कासगंज स्थानांतरित हुए वरिष्ठ लिपिक को कोर्ट से राहत मिल गई है। तभी तो वह कोर्ट का स्टे आर्डर लेकर शनिवार को बीएसए दफ्तर पहुंचे और अपने मूल पद पर तैनाती के लिए बीएसए को प्रत्यावेदन के साथ कोर्ट का आदेश दिया।
गजेन्द्र कुमार, वरिष्ठ सहायक का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जनपद-कासगंज के यहां स्थानांतरण किया गया था। जिसे लेकर 17 अक्तूबर 2019 को बीएसए ने कार्यमुक्त भी कर दिया। इस बीच बाबू ने अपने रिकार्ड से संबंधित चार्ज भी किसी को नहीं दिया। जिसे लेकर बीएसए ने गजेंद्र कुमार को पत्र जारी किया था, जिसमें पत्रावलियां/अभिलेख जो उनकी अभिरक्षा में हैं, उन्हें अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में उपस्थित होकर तीन दिवस के अंतर्गत देने का आदेश दिया गया है।
इस बीच अब बाबू को कोर्ट से स्थानांतरण पर स्टे आर्डर मिल गया है। जिसे लेकर गजेंद्र कुमार शनिवार को बीएसए दफ्तर पहुंचे और कोर्ट का आदेश देते हुए बीएसए से उनके मूल पद पर कार्यभार ग्रहण कराए जाने का आदेश पारित करने की मांग की।