न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आल्ट न्यूज़ के सह संस्थापक मोहम्मद जुबेर के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने न्यायालय से बी वारंट प्राप्त कर इसे सीतापुर जेल में दाखिल कराया है। मोहम्मद जुबेर अब तिहाड़ जेल में बंद है। उसके मामले की सुनवाई यहां न्यायालय में 14 जुलाई को होगी। ऐसे में स्थानीय पुलिस प्रशासन अब न्यायालय से दूसरा बी वारंट प्राप्त करने की तैयारी में लगा है। इधर, शासन ने इस मामले में एसआईटी का भी गठन कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि मोहम्मद जुबेर पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप है। उसके खिलाफ कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। हाथरस कोतवाली सदर में भी उसके विरुद्ध हिंदूवादी कार्यकर्ता दीपक शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने न्यायालय से बी वारंट प्राप्त कर लिया है और इसको सीतापुर जेल में दाखिल कराया है। बताते हैं कि अब मोहम्मद जुबेर तिहाड़ जेल में बंद है।
इस मामले में स्थानीय न्यायालय में अगली सुनवाई 14 जुलाई को होनी है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की यह भी कोशिश है कि फिर से बी वारंट प्राप्त कर उसे तिहाड़ जेल में दाखिल किया जाए। अगर वह स्थानीय न्यायालय में नहीं आएगा तो स्थानीय पुलिस स्थानीय न्यायालय से उसका फिर से बी वारंट प्राप्त कर तिहाड़ जेल में दाखिल करेगी। इधर, शासन ने इस पूरे मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन कर दिया है। इससे संबंधित सभी मुकदमों की विवेचना एसआईटी द्वारा की जाएगी। संवाद