न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऑटो चालक व गाड़ी वालों को सोमवार से टीका लगाने की शुरुआत एआरटीओ कार्यालय में होगी। टीकाकरण कराने वाले लोगों को कार्यालय में एक दिन पहले आधार कार्ड देना होगा। वह तभी टीकाकरण में शामिल हो पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सरकार अब कामगारों से सीधे संपर्क साधने में जुट गई है। इस क्रम में ही सोमवार से उनके टीकारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। एआरटीओ कार्यालय को प्रतिदिन 150 लोगों का टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। एआरटीओ कार्यालय में लोडर वाहनों के चालक-परिचालक, ऑटो रिक्शा चालक, अन्य वाहन कर्मियों का टीकाकरण होगा।
टीकाकरण कराने से एक दिन पहले कार्यालय में आधार कार्ड की छाया प्रति जमा करनी होगी। एआरटीओ कार्यालय से सूची बनाकर सीएमओ कार्यालय भेजी जाएगी। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा टीकाकरण को अमलीजामा पहनाया जाएगा। एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह का कहना है कि कार्यालय में सोमवार से टीकाकरण की शुरुआत होगी। जो चालक-परिचालक टीकाकरण में शामिल होंगे, उनको एक दिन पहले अपना आधार कार्ड देना होगा। तभी वह टीकाकरण में शामिल हो पाएंगे।