हाथरस: घाटमपुर में सांड़ के हमले में घायल हुआ ग्रामीण।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आवारा घूम रहे सांड लगातार हमलावर हो रहे हैं। सादाबाद क्षेत्र के गांव घाटमपुर में गुरूवार को एक आवारा सांड ने एक किसान पर हमला बोल दिया और पटक पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। इस मामले में कोतवाली में भी तहरीर दी गई है।
गांव घाटमपुर निवासी राजकुमार पुत्र स्वरूप ने बताया कि सुबह करीब सात बजे उसके भाई सतीश गांव के पास ही स्थित खेत पर जा रहा था तो इसी दौरान सांड ने उन पर अचानक हमला बोल दिया और उसके भाई को पटक पटकर बुरी तरह से घायल कर दिया।
चीखपुकार मचाने पर गांव के सूबेदार व अन्य लोग मौके पर आ गए और लाठी डंडों के जरिये सांड को भगाया। सतीश को गंभीर हालत में सीएचसी सादाबाद पर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। उसका उपचार आगरा के अस्पताल में चल रहा है।