बैंक कर्मी बन पूछा पासवर्ड, खाते से 1.10 लाख चोरी
गांव नगला सुक्खा रुहेरी के युवक साथ की गई ऑनलाइन ठगी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव का निवासी एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ। उसके खाते से किसी ने 1.10 लाख रुपये बैंक कर्मी बनकर पासवर्ड पूछकर पार कर दिए। इसे लेकर युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
अमित कुमार पुत्र फूल कुमार निवासी नगला सुक्खा रुहेरी का मधुगढ़ी स्थित पंजाब बैंक में खाता है। उसके पास किसी एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए अमित से पासवर्ड पूछ लिया और फिर 11 बार में 10-10 हजार रुपये करके 1.10 लाख रुपये उसके खाते से पार कर लिए।
इसकी भनक जब अमित को लगी तो उसके होश उड़ गए। उसने बैंक में संपर्क किया तो किसी के द्वारा बैंक से फोन करने की बात से इंकार किया गया, जिसके बाद अमित को ऑनलाइन ठगी का आभास हुआ। युवक ने कोतवाली हाथरस गेट में तहरीर देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।