हाथरस : आशा कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन देते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब जिले की आशाओं को काम करने में आसानी होगी। अब वे सूचनाएं एप के माध्यम से भर सकेंगी। इसके लिए डीएम डीएम रमेश रंजन ने शुक्रवार को उनमें स्मार्टफोन वितरित किए। डीएम ने सभी आशाओं को बधाई देते हुए कहा कि आपका रोल बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसलिए सरकार आप लोगों को स्मार्टफोन दे रही है। इसका प्रयोग सरकारी कार्य में ही करें। सर्वे के दौरान क्षेत्र में जहां भी जाए इसे लेकर जाएं।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जो सूचनाएं मांगी जाती है वह स्मार्टफोन के माध्यम से समय से उपलब्ध कराई जा सकेंगी। समय तथा खर्च होने वाले कागजों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि आप इस स्मार्टफोन को घर के किसी भी सदस्य को न दें और न ही इसका इस्तेमाल अपने निजी कार्य में करें। इस स्मार्टफोन का इस्तेमाल केवल सरकारी कामकाज में ही करें। उन्होंने कहा कि इस स्मार्टफोन के माध्यम से मांगी जाने वाली सभी सूचनाओं को समय से उपलब्ध कराएं।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को ब्लॉक स्तर पर सभी आशाओं को स्मार्टफोन पर अनमोल एप डाउनलोड कराते हुए, ऐप पर डाटा फीड करने एवं सूचना उपलब्ध कराने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में उपस्थित सभी आशाओं ने सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री के संवाद/उद्बोद्धन को सुना। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ चंद्रमोहन चतुर्वेदी ने बताया कि जनपद में 1297 आशाएं कार्यरत हैं। जिनमें 39 आशाएं शहरी क्षेत्र की हैं। स्मार्टफोन कार्यक्रम के तहत 499 आशाओं को फोन का वितरण किया गया है। संवाद