हाथरस : बिटिया प्रकरण के चारों अभियुक्तों को पेशी के लिए न्यायालय ले जाती पुलिस।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में बुधवार को फिर चारों आरोपियों की यहां न्यायालय में पेशी हुई। इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। इस प्रकरण में दो मीडिया कर्मियों की गवाही हुई। वहीं बिटिया के भाई की गवाही पर बहस भी हुई। अब इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 19 मार्च नियत की गई है।
बिटिया के साथ हुई वारदात के चारों आरोपियों संदीप, रवि, रामू और लवकुश को कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को फिर पुलिस अलीगढ़ जेल से यहां न्यायालय लेकर आई। यहां विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) में उनकी पेशी हुई। कोर्ट में इस प्रकरण में दो मीडियाकर्मियों की भी गवाही हुई। कोर्ट में बिटिया के भाई की गवाही पर भी बहस हुई। बिटिया की मां भी कोर्ट में आई थी।
वादी पक्ष की ओर से सीबीआई के वकील के अलावा स्थानीय अधिवक्ता भागीरथ सिंह सोलंकी और अभियुक्तों की ओर से मुन्ना सिंह पुंढीर भी कोर्ट में मौजूद थे। सीबीआई इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। कोर्ट में भी इन चारों पर आरोप तय हो चुके हैं। अब इस मामले में अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। कोर्ट के बाहर कड़ी सुरक्षा रही।