न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कस्बा पुरदिलनगर निवासी बाइक चोरी के एक और आरोपी के कोरोना पॉजिटिव निकलने से कस्बे में खलबली मच गई है। पहले से ही कस्बे का 70 फीसदी भाग बंद है और अब एक और मोहल्ले को हॉट स्पॉट घोषित कर उसके 250 मीटर के दायरे को सील किया जा सकता है। उन चार पुलिस कर्मियों का भी नमूना जांच के लिए भेजा गया है, जोकि आरोपियों के नजदीक रहे थे। इनकी जांच रिपोर्ट तीन दिन में आने की उम्मीद है।
बता दें कि 26 मई को पुरदिलनगर निवासी तीन युवकों को बाइक और पशु चोरी के आरोप में जेल भेजा गया था। इनमें से एक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कस्बे के मोहल्ला तकिया को हॉट स्पॉट घोषित किया गया था। इसके बाद बुधवार को मोहल्ला सोरों गेट निवासी एक ओर आरोपी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से कस्बे में खलबली मच गई है।
गुरुवार को पुलिस-प्रशासनिक अधिकरियों ने रिपोर्ट के पॉजिटिव आने पर अग्रिम कार्यवाही पर विचार-विमर्श किया गया। एसडीएम विजय शर्मा ने बताया कि अभी सीएमओ के यहां से रिपोर्ट के लिए इंतजार करने को कहा गया है। जैसी ही रिपोर्ट मिलेगी, वैसे ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।