हाथरस: हाथरस में अनुसूचित जाति की बिटिया की मौत के बाद तालाब चौराहे पर लेटकर व बैठकर नारेबाजी करत?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चंदपा क्षेत्र की अनुसूचित जाति की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता बिटिया की मौत की खबर जैसे ही मंगलवार को सुबह यहां लोगों को पता चली तो उनमें गम और गुस्सा देखा गया। लोगों ने हाथरस शहर में कई स्थानों पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और जुलूस निकाले। मुख्य रूप से तालाब चौराहे पर जाम लगाया और दो घंटे तक यातायात बाधित रखा। आक्रोशित लोग सड़क पर लेट गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इन लोगों को जैसे-तैसे समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
मंगलवार की सुबह जैसे ही लोगों को यह पता चला कि बिटिया की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई है तो वाल्मीकि समाज के काफी लोग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य और अन्य नेेताओं की मौजूदगी में तालाब चौराहे पर आ गए। इससे पहले इन लोगों ने शहर में जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। तालाब चौराहे पर आते ही प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर बैरियर रख दिए और जाम लगा दिया।
आक्रोशित लोगों ने योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और कुछ युवक सड़क पर लेट गए। मौके पर काफी पुलिस बल पहुंच गया। करीब दो घंटे तक इन लोगों ने जाम लगाए रखा और जमकर नारेबाजी की। जाम के चलते काफी वाहन फंसे रहे। हालांकि पुलिस ने इन वाहनों को अन्य रास्ते से बाहर निकलवाया। इस दौरान एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश मीणा वहां पहुंच गए और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
जाम से निकलने का प्रयास कर रहे बाइक सवार को पीटा
जाम के दौरान एक बाइक सवार को कहीं जाने की जल्दी थी। वह सिकंदराराऊ रोड की ओर से तालाब चौराहे पर पहुंचा था। इधर, दुष्कर्म पीड़िता की मौत से गुस्साए युवक जाम लगा रहे थे। इस बीच बाइक सवार ने कुछ कह दिया। इस बात से नारेबाजी कर रहे युवकों को पारा चढ़ गया। यह देखकर बाइक सवार वहां से भागने लगा। गुस्साए लोगों ने दौड़ लगाकर अंग्रेजी शराब के ठेके के पास बाइक सवार को पकड़ लिया और फिर उसकी जमकर पिटाई कर डाली। यहां पर कुछ लोगों ने जैसे-तैसे बाइक सवार को गुुस्साए लोगों से बचाया और उसे वहां से जाने दिया।