न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
महाराष्ट्र में जूना अखाड़े के संत कल्पवृक्ष गिरी जी महाराज एवं श्री सुशील गिरी जी महाराज की पीट-पीटकर की गई नृशंस हत्या से हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। लॉकडाउन की बाध्यता की वजह से हिंदू जागरण मंच के प्रमुख पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र में निर्दोष एवं निहत्थे साधु श्री कल्पवृक्ष गिरी जी महाराज एवं श्री सुशील गिरी जी महाराज को एक संप्रदाय विशेष के लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना पूरे देश के हिंदू समाज को झकझोर देने वाली घटना है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस घटना के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। महाराष्ट्र में असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह साधु संतों की नृशंस हत्या कर रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार से देश के हिंदू समाज का विश्वास समाप्त हो गया है।
हिंदू जागरण मंच मांग करता है कि आप अपनी शक्ति का प्रयोग करते हुए महाराष्ट्र सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की कृपा करें। इस घटना ने पूरे देश के हिंदू समाज को में आक्रोश है। देश के सभी प्रमुख संत एवं धर्माचार्यों को उचित सुरक्षा देने का आदेश सरकार को देने की कृपा करें। हिंदू जागरण मंच आपसे मांग करता है कि दोषी पुलिस के अधिकारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रंजन आर्य, जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला महामंत्री नरेन्द्र प्रेमी, जिला उपाध्यक्ष रमन बिहारी शर्मा, नगर महामंत्री मोरमुकुट वर्मा, युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष शिवम शर्मा, प्रेम प्रकाश शर्मा, आशा ठाकुर, सौरभ शर्मा, रविंद्र रावत थे।