हाथरस: मृतक वृद्ध का फाइल फोटो।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र के सरक्यूलर रोड स्थित बैंक में काम से आए वृद्ध की अचानक मौत हो गई। वृद्ध को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टर ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद जिला अस्पताल पहुंचे परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए।
कोतवाली हाथरस गेट के गांव नगला दया निवासी सुरेशचंद्र राना (65 वर्ष) पुत्र राम सिंह राना मंगलवार को निजी काम से सरक्यूलर रोड पीली कोठी स्थित केनरा बैंक आए थे। यहां वह बैठे हुए थे। इस बीच वह अचानक कुर्सी से नीचे गिरकर बेहोश हो गए। यह देख बैंक परिसर में मौजूद लोगों में खलबली मच गई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद डॉक्टर्स की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गई।
108 एंबुलेंस से बेहोशी की हालत में वृद्ध को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद यहां पर परिजन आ गए और फिर वह शव लेकर अपने गांव लौट गए। कोतवाली सदर के एसएचओ एके सिंह ने बताया कि वृद्ध की मौत हार्टअटैक से होना डॉक्टर ने बताया है। वह अपने निजी कार्य से बैंक आए थे। अस्पताल आए परिजनों को शव दे दिया गया।