डीआरबी इंटर कॉलेज मैदान में खेलते खिलाड़ी। संवाद
आगरा रोड स्थित डीआरबी इंटर कॉलेज मैदान में रविवार को दो मैत्री क्रिकेट मैच खेले गए। पहले मैच में हाथरस क्रिकेट एकेडमी और दूसरे में लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी की टीमें विजेता रहीं।
पहले मुकाबले में लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी सीनियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में पांच विकेट पर 190 रन बनाए। अश्वनी कुशवाहा ने 52 और तेजस ने नाबाद 39 रन बनाए। मनु वर्मा ने दो तथा रिमझिम ने एक विकेट लिया। हाथरस क्रिकेट एकेडमी सीनियर ने तीन विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। रिमझिम शर्मा ने नाबाद 45 और मनु वर्मा ने 28 रन बनाए। मनु वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में हाथरस क्रिकेट एकेडमी जूनियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 217 रन बनाए। अंकित सिंह ने 45 और यश शर्मा ने 36 रन का योगदान दिया। मयंक ने पांच विकेट झटके। लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी की टीम ने सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शौर्य ने नाबाद शतक और अंश ने 52 रन बनाए। शौर्य को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट के दौरान शेखर कश्यप, सौरभ चंद्रा, गोपाल पौनिया, दिव्यांश दीक्षित और विजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।