फोटो14 हाथरस: सपा की महिला कार्यकर्ता को बिटिया के गांव जाने से रोकती महिला पुलिस।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पूर्व विधायक राकेश सिंह एवं अलीगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के गांव जा रहे सपाइयों के काफिले को थाना सासनी पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की। लेकिन, काफिला बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गया। इस दौरान सपाइयों की पुलिस ने नोकझोंक भी हुई। सपाइयों ने जमकर हंगामा किया।
बिटिया के परिजन से मिलने जा रहे सपाइयों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरियर के अलावा ट्रैक्टरों को ट्राली सहित खड़ा कर रास्ता रोक दिया था। लेकिन सपाइयों ने बैरियर तोड़ कर ट्रैक्टर ट्रालियों को जबरन हटाया। जिससे पुलिस हैरत में पड़ गई और काफिले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
इस दौरान सपाइयों ने जमकर हंगामा किया और हाथरस की ओर रवाना हो गए। काफिले में राजीव यादव, यतेंद्र सिंह राना, सचिन यादव, जगदीश कुशवाहा, आशीष मोहन यादव, कालीचरन यादव सहित सैकड़ों सपाई शामिल थे।