न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पूर्व मंत्री व जिला पंचायत के चुनाव में भाजपा के जिला प्रभारी ठा. जयवीर सिंह ने दावा किया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी सीमा उपाध्याय यहां से दो तिहाई से ज्यादा बहुमत से जीतेंगी। उनका कहना है कि हो सकता है कि सीमा निर्विरोध ही जीत जाएं और यदि विपक्ष में कोई उम्मीदवार खड़ा हुआ भी तो उसके चार या पांच से ज्यादा वोट नहीं आएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि पार्टी में किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है और सभी एकजुट हैं। वह यहां भाजपा के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पारदर्शिता के साथ चुनाव होते हैं। इसी तरह पूरी पारदर्शिता के साथ यह चुनाव भी होगा। अधिकारी हो या सदस्य किसी पर कोई दबाव नहीं है। भाजपा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और अन्य पार्टियों के लोग खुद भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए सीमा उपाध्याय को प्रत्याशी बनाया है। उनके पति रामवीर उपाध्याय और खुद सीमा उपाध्याय की भी काफी लोकप्रियता है। ऐसे में इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को करीब 20 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ विपक्षी लोग तरह-तरह की भामक खबरें फैला रहे हैं। पार्टी के सभी निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन सीमा उपाध्याय को है और अन्य सदस्यों का समर्थन भी सीमा उपाध्याय को है, इसलिए सीमा उपाध्याय की जीत निश्चित है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने कहा विपक्षी मनगढ़ंत बातें बना रहे हैं। भाजपा के पास इस चुनाव में दो तिहाई बहुमत है। सीमा उपाध्याय की जीत निश्चित है। भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर सिंह भैयाजी ने कहा कि भाजपा के सभी पांचों निर्वाचित सदस्य भाजपा प्रत्याशी के साथ हैं। किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है और अध्यक्ष पद पर भाजपा का ही कब्जा होगा। उल्लेखनीय है कि रामवीर सिंह भैयाजी की पत्नी प्रभा सिंह जिला पंचायत सदस्य हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष की भाजपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय, पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान भी मौजूद थे।
पूर्व मंत्री रामवीर ने भी की जयवीर से वार्ता
हाथरस। भाजपा कार्यालय पर पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय भी पहुंचे, लेकिन वह भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं और बसपा के निलंबित विधायक हैं। ऐसे में वह पत्रकार वार्ता में शामिल नहीं हुए, अलबत्ता उनकी पूर्व मंत्री जयवीर सिंह से काफी देर तक वार्ता हुई। पहले भी रामवीर उपाध्याय और जयवीर सिंह बसपा की सरकार में एक साथ मंत्री रह चुके हैं।
ऐन वक्त पर न दे जाए कोई दगा, इसे रोकने को की जा रही रोजाना कसरत
हाथरस। सीमा उपाध्याय निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीती थीं। उसके बाद वह भाजपा में शामिल हुईं और भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी घोषित कर दिया। सूत्रों की मानें तो भाजपा के समर्थन से जीते एक-दो सदस्य इसके बाद खुद को असहज महसूस करने लगे। सूत्र बताते हैं कि भाजपा और इस पूरे चुनाव के रणनीतिकार पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय को अभी भी यह लग रहा है कि अंदरखाने ऐन वक्त पर यह सदस्य चुनाव के वक्त में उन्हें वोट नहीं देंगे। इसी को लेकर इन्हें साधा जा रहा है। वहीं रामवीर विरोधी खेमा भी यह हल्ला मचा रहा है कि भाजपा के ही एक-वोट खिसक कर उसके पाले में आ जाएंगे। ऐसे में भाजपा के सभी सदस्यों को सीमा के नाम पर संतुष्ट करने के लिए शनिवार को फिर जयवीर सिंह यहां आए और उन्होंने यही कहा कि कुछ लोग भ्रामक बातें फैला रहे हैं। भाजपा में सभी एकजुट हैं। जिला कार्यालय पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामवीर सिंह भैयाजी को बुलाकर वार्ता की गई। उनकी पत्नी प्रभा सिंह जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई हैं। प्रभा सिंह ने भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की थी। कार्यालय पर जयवीर सिंह व अन्य पदाधिकारियों को रामवीर सिंह भैयाजी ने ठोस आश्वासन दिया कि वह और उनकी पत्नी पार्टी के साथ हैं और पार्टी प्रत्याशी को ही उनका वोट मिलेगा।