अलीगढ़, हाथरस के दो ट्रॉमा सेंटरों के भवन के लिए शासन ने धनराशि की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन से करीब 90 लाख रुपये की धनराशि इन ट्रॉमा सेंटर के भवन निर्माण के लिए मंजूर की गई है। जल्द ही इन ट्रॉमा सेंटर्स के जारी भवन निर्माण काम को पूरा कर लिया जाएगा।
शासन के विशेष सचिव अवधेश कुमार पांडेय ने इस संबंध में डीएम और सीएमओ को भी शासनादेश भेजा है। इन ट्रॉमा सेंटर्स के बन जाने के बाद सड़क दुर्घटना का शिकार होने वाले लोगों को उपचार में काफी राहत मिल सकेगी। उन्हें उपचार के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे दुर्घटना से पीड़ित लोगों को तत्काल लाभ मिल सकेगा। वहीं दूसरे शहर में रेफर किए जाने के मामले भी कम होंगे।
जनपद अलीगढ़ के एटा रोड एनएच 91 पर गांव जसरथपुर तहसील कोल में ट्रॉमा सेंटर के भवन निर्माण के लिए पीएफडी द्वारा मूल्यांकित पुनरीक्षित लागत 214.95 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति तथा मूल स्वीकृति लागत एवं पुनरीक्षित लागत के अंतर की कुल धनराशि 46.80 लाख की वित्तीय स्वीकृति शासन ने प्रदान की है।
शासन ने नगर पालिका सिकंदराराऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ट्रॉमा सेंटर के भवन निर्माण के लिए पीएफडी द्वारा मूल्यांकित पुनरीक्षित लागत 201.55 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति तथा मूल स्वीकृत लागत एवं पुनरीक्षित लागत के अंतर की कुल धनराशि 43.75 लाख वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
अवमुक्त धनराशि इसी वित्तीय वर्ष में व्यय की जा सकेगी। इसे बैंक आदि में नहीं रखा जाएगा। मानक व गुणवत्ता को निर्माण के समय सुनिश्चित किए जाने का पूर्ण उत्तरदायित्व कार्यदायी संस्था का होगा।
- सिकंदराराऊ के ट्रॉमा सेंटर का भवन निर्माण का काम प्रगति पर है। 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है। धनराशि नहीं होने से काम अटक गया था, लेकिन अब धनराशि स्वीकृत हो गई, जल्द ही फिर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- डॉ. रामवीर सिंह, सीएमओ, हाथरस।