न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चोरी के आभूषणों की तलाश में अलीगढ़ पुलिस हाथरस आई। अभियुक्त की निशानदेही ज्वैलर्स के यहां जाकर पुलिस ने मामले की छानबीन की। सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को भी देखा।
पिछले दिनों अलीगढ़ में एक फौजी के घर में बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। यहां से बदमाश नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की और चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिरों को दबोच लिया। एक बदमाश फरार चल रहा है। गिरफ्तार बदमाशों में से एक ने पुलिस को यह बताया कि उसने चोरी के आभूषण फरार साथी के साथ हाथरस के ज्वैलर्स को बेचे थे।
इस आधार पर अलीगढ़ पुलिस उसे अपने साथ लेकर हाथरस आई और संबंधित ज्वैलर्स के यहां पहुंची। पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने के आरोपी ज्वैलर्स से पूछताछ की। वहीं ज्वैलर्स चोरी के आभूषण खरीदने की बात से इनकार कर रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देख रही है, ताकि सही बात सामने आ सके। कोतवाली सदर प्रभारी रवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि अलीगढ़ पुलिस आई है। चोरी के आभूषणों के बारे में पूछताछ कर रही है। संवाद