न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कृषि कानून वापसी के बाद मंडी में कारोबार करने वालों की संख्या फिर बढ़ रही है। अब तक तीन दर्जन से अधिक कारोबारियों ने मंडी कार्यालय से लाइसेंस ले लिया है। बाकी कारोबारी भी लाइसेंस की कागजी प्रक्रिया को पूरा करने में जुटे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने कृषि कानून लागू किया तो मंडी से बाहर कारोबार करने वाले कारोबारी मंडी के डेढ़ प्रतिशत शुल्क से मुक्त हो गए। अब कृषि कानून वापसी के बाद मंडी से बाहर, लकड़ी, किराना, दाल आदि के कारोबारी मंडी में फिर से कारोबार करने लगे हैं। अब तक मंडी में 400 लाइसेंस धारक हैं। अब कानून वापसी के बाद मंडी में लाइसेंस धारकों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
कुछ दिनों के अंदर तीन दर्जन कारोबारियों ने मंडी से ऑनलाइन लाइसेंस हासिल कर लिया है। बाकी कारोबारी भी लाइसेंस के लिए लाइन में लगे हुए हैं। इस मामले में मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है कि अब तक 36 लोगों ने फिर से लाइसेंस लिया है। बाकी लोग कागजी प्रक्रिया को पूरा करने में जुटे हुए हैं। संवाद