संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले के एक गांव में कुछ घंटे के अंदर ही एक युवक व किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों में पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन अलग-अलग समुदाय के होने के कारण परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ थे। दोनों इंटरमीडिएट में पढ़ते थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए। वहीं, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस को तैनात कर दिया है। मामले में दोनों में से किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं की है। दरअसल, मंगलवार की देर शाम जिले के एक थाना क्षेत्र के एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके चंद घंटे बाद 11वीं की एक 16 वर्षीय छात्रा ने भी फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पुलिस गांव पहुंच गई। चंद घंटे के अंदर दो आत्महत्या की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मामला दो समुदायों से जुड़े होने के कारण क्षेत्र में इसको लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं रही। लोगों का कहना है कि दोनों का आपस में प्रेम प्रसंग था लेकिन सामाजिक व परिजनों की बंदिश के चलते पहले युवक ने आत्महत्या कर ली।
इसका पता चलते ही किशोरी ने भी जान दे दी। दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली निरीक्षक हाथरस गेट का कहना है कि दोनों के परिजनों ने कुछ भी लिखित में नहीं दिया है। गांव में किसी भी तरह का कोई तनाव नहीं है।