हाथरस : सड़क दुर्घटना में मृत युवक के घर पर लगी भीड़ व मौके पर मौजूद पुलिस बल। संवाद
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर गांव समामई के निकट बृहस्पतिवार की देर रात किसी वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय युवक अवधेश की मौत के बाद परिजन दुकान स्वामी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हंगामे को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने दूसरे थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलवा लिया। काफी देर बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
दरअसल, अवधेश पुत्र प्रेमपाल निवासी गांव बरसै कस्बा में जनरल स्टोर की दुकान पर नौकरी करता था। बृहस्पतिवार को दुकान स्वामी ने उसे दुकान के काम से अलीगढ़ भेजा था। देर शाम वह बाइक से अलीगढ़ से सासनी लौट रहा था। गांव समामई के निकट किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
दुघर्टना के बाद मौके पर ग्रामीणों एवं राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट मृतक के पिता प्रेमपाल ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक गिरीश गौतम का कहना है कि युवक की मौत को लेकर परिजनों में आक्रोश था। उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद