न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गली सीकनापान निवासी एक कैंसर रोगी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उसे जानबूझकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा फिर से घर भेज देने और उसके बेटे पर मुकदमा कायम करने के मामले में मुख्यमंत्री से की गई शिकायत की जांच अब एडी (हेल्थ) करेंगे। यह शिकायत पीड़ित के बेटे ने नगर पालिकाध्यक्ष के माध्यम से की थी। इसमें एडी ने शिकायतकर्ता को 25 जून को अभिलेखों सहित अपने कार्यालय पर बुलाया है।
उल्लेखनीय है कि स्थानीय गली सीकनापान निवासी एक कैंसर पीड़ित ने अप्रैल के आखिरी सप्ताह में अपना उपचार नोएडा के एक अस्पताल में कराया था। वहां उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस अस्पताल की रिपोर्ट को पीड़ित के परिजनों ने यहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिखाया था, लेकिन उस समय इस रिपोर्ट को विभाग ने नहीं माना और उक्त पॉजिटिव को आइसोलेट करने की बजाय वापस उसके घर भेज दिया था। आरोप है कि इससे उसके परिवार के 11 लोग और संक्रमित हो गए थे।
इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले में उल्टे कैंसर पीड़ित के बेटे के खिलाफ कोरोना से संबंधित सूचना नहीं देने पर मुकदमा और दर्ज करा दिया था। उस समय यह मामला खासा तूल पकड़ गया था और नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने शासन के दूत के सामने भी शिकायत की थी। मुख्यमंत्री को भी शिकायती पत्र भेजा गया था। अब सीएम के यहां की गई शिकायत की जांच एडी (हेल्थ) अलीगढ़ करेंगे। इस सिलसिले में एडी (हेल्थ) ने उक्त कैंसर पीड़ित के बेटे को सभी अभिलेखों सहित अपने कार्यालय में 25 जून को बुलाया है।