न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ओमिक्रॉन के संक्रमण को लेकर प्रशासन की ओर से निगरानी समितियों को क्रियाशील करने के निर्देश जारी किए गए हैं। एडीएम ने इंटरनेशनल यात्रियों सहित मरीजों को निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में गठित मोहल्ला और ग्राम निगरानी समितियों को पुन: क्रियाशील एवं सक्रिय किया जाए। शहरी क्षेत्र में सभासद के नेतृत्व में मोहल्ला निगरानी समिति में आशा कार्यकर्ता, सिविल डिफेंस, आरडब्लूए के प्रतिनिधि, नगर निकाय के क्षेत्रीय कार्मिक और अन्य सदस्य होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में निगरानी समिति का नेतृत्व ग्राम प्रधान द्वारा किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में मोहल्ला निगरानी समिति के लिए नगर आयुक्त और नगर निकाय के किसी अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए। प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्कों की खोज करने में सर्विलांस टीम की सहायता की जाए।
क्षेत्र में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों अन्य गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों जैसे उच्च जोखिम वर्ग वाले सदस्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। कोविड पीड़ित रोगी के परिवार से फोन पर नियमित संपर्क करके उनको क्वारंटीन या होम आइसोलेशन की अवधि को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। कोविड धनात्मक रोगियों तथा लक्षण युक्त व्यक्तियों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराई जाए। निगरानी समितियों द्वारा अपने क्षेत्र के लोगों को टीके की दोनों खुराक लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए। संवाद