सादाबाद के गांवों में फ्लैग मार्च करती पुलिस।
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ/सादाबाद।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने व लोगों में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में सादाबाद पुलिस एवं पैरामिलिट्री बल ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों, मोहल्लों में फ्लैग मार्च किया। मार्च में सीआरपीएफ की असिस्टेंट कमांडेंट शारदा देवी, अपराध निरीक्षक ऋषिपाल सिंह, सीआरपीएफ व पुलिस बल मौजूद रहे।
मार्च कर लोगों को स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान करने तथा सुरक्षा का एहसास दिलाया गया। अवांछनीय व आपराधिक तत्व के व्यक्तियों में भय पैदा करने के लिए एरिया डोमिनेशन किया गया। साथ ही सभी को बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस दौरान लोगों को अवगत कराया गया कि विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है तथा ऐसे लोगों पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसलिए चुनाव के दौरान किसी तरह की अफवाह न फैलाएं और न ही फैलने दें।
किसी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत सभी को मास्क पहनने व सैनिटाइजर का नियमित प्रयोग करने तथा दो गज की दूरी रखने, बिना आवश्यक कार्य के घर से नहीं निकलने की हिदायत दी गई।