हाथरस: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चार्ज लेते नवागत एसपी विनीत जायसवाल।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नवागत एसपी विनीत जायसवाल ने शनिवार की सुबह एसपी दफ्तर पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। यहां उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि चंदपा प्रकरण में जो भी लोग दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण की जांच मुख्यमंत्री द्वारा गठित एसआईटी कर रही है, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
चंदपा प्रकरण में शिथिलता बरतने पर तत्कालीन एसपी विक्रांतवीर के खिलाफ शासन स्तर से कार्रवाई की गई है। उनकी जगह शामली के एसपी विनीत जायसवाल को यहां भेजा गया है। नवागत एसपी शनिवार की सुबह करीब 10 बजे कार्यालय पर पहुंचे।
यहां उन्होंने कार्यभार ग्रहण किए जाने की प्रक्रिया को पूर्ण किया और फिर पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने चंदपा प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो भी जांच रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई होगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण करने पर जोर दिया।