संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने सोमवार को धान क्रय केंद्र सादाबाद मंडी प्रथम एवं द्वितीय (खाद्य विभाग) का निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों पर केंद्र प्रभारी शंकर प्रताप सिंह, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं विपणन निरीक्षक उपस्थित मिले। उन्होंने मानक के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर धान खरीद करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि धान क्रय केंद्र सादाबाद मंडी प्रथम पर कृषक संजय सिंह पुत्र केशव देव, निवासी ग्राम-पट्टी बहरान, मढा भोज द्वारा धान विक्रय करने के लिए 25 अक्तूबर का टोकन जारी किया गया। मौके पर धान विक्रय के लिए कृषक की ई-पॉश मशीन पर उपस्थिति दर्ज कराई गई।
केंद्र प्रभारी को कृषक द्वारा लाए गए धान को मानक के अनुरूप होने पर प्राथमिकता से खरीद करने के लिए निर्देश दिए गए। क्रय केंद्र सादाबाद मंडी द्वितीय (खाद्य विभाग) पर किसी भी कृषक द्वारा धान विक्रय के लिए टोकन जारी नही किया गया, जिस पर केंद्र प्रभारी को कृषकों से संपर्क स्थापित कर धान क्रय करने के निर्देश दिए।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया है कि अभी तक जनपद में पांच कृषकों से 202.80 क्विंटल धान की खरीद की गई है। गत सप्ताह हुई वर्षा के कारण क्रय केंद्रों पर धान की आवक नहीं हो पाई है। जनपद में धान खरीद का लक्ष्य 3900 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।