हाथरस: कोतवाली सदर पुलिस द्वारा दहेज हत्या में गिरफ्तार महिला।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला लाला का नगला में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे दिन शव का पोस्टमार्टम हुआ और फिर शव को लेकर परिवार वाले सादाबाद चले गए, वहां जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
कस्बा सादाबाद के गौतम नगर निवासी संतोषकुमार पुत्र अशोक कुमार ने अपनी पुत्री नम्रता की शादी शिवाजी उर्फ भोला के साथ करीब दो साल पहले की थी। आरोप है कि ससुरालीजनों द्वारा उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग के लिए परेशान किया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसे जान से मारने के संबंध में पति शिवाजी उर्फ भोला सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
रविवार को मुखबिर से सूचना मिली इस मामले में जो महिला वांछित है, वह अपने घर पर कुछ सामान लेने आई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र मय पुलिस टीम के अभियुक्त के मकान पर पहुंचे तो एक महिला मौके पर मौजूद मिली। महिला ने अपना नाम समलेस पत्नी स्वामीदास निवासी लाला का नगला बताया। उसको गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस जुटी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र, राजेश कुमार यादव, अफसर खां, निधि आदि शामिल थे।