दाऊजी मंदिर स्थित मेला पंडाल में गोशाला के लिए निरीक्षण करते पालिकाध्यक्ष व ईओ। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नगर पालिका प्रशासन एक अस्थायी गोशाला का निर्माण मेला श्री दाऊजी महाराज में कराएगी। इसमें आवारा गोवंश को लाकर उनकी देखभाल की जाएगी। इसके लिए काम शुरू हो गया है। नगर पालिकाध्यक्ष ने सोमवार को इसका निरीक्षण किया। इससे अब देहात के साथ-साथ शहर में भी आवारा गोवंश के आतंक से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि इस अस्थायी गोशाला में नगर में घूम रहे आवारा पशुओं को संरक्षित किया जाएगा और उनकी देखभाल भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक जगह और अस्थायी गोशाला का संचालन किया जा रहा है और जगह की कमी होने के कारण मेला पंडाल में अस्थायी गोशाला का सृजन किया जा रहा हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि पालतू पशुओं को छुट्टा न छोड़ें। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष के साथ अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, सहायक अभियंता डंबर सिंह, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक संदीप भार्गव, रामबहादुर पटेल, कर अधीक्षक देवेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सोम प्रकाश, नजूल निरीक्षक येशूराज शर्मा, आशीष अस्थाना, राजीव कुलश्रेष्ठ आदि थे।