न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना निवासी आरएसएस कार्यकर्ता राजकुमार उर्फ राजू की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन ने मजिस्ट्रेटी जांच कराने के आदेश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) न्यायिक मोइनुल इस्लाम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एडीएम ने कहा है कि इस घटनाक्रम के संबंध में कोई भी जानकारी या साक्ष्य 26 मई तक किसी भी कार्य दिवस में उनके कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।
अब जल्द ही इस मामले में घटना से संबंधित लोगों से पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। एडीएम न्यायिक ने बताया कि मजिस्ट्रेटी जांच के संबंधी आदेश मिल चुका है। उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों, राजकुमार का उपचार करने वाले व उसके शव का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों, उसके परिजनों आदि के बयान लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मामले में कोई भी अगर अपना बयान दर्ज कराना चाहे और साक्ष्य देना चाहता है तो वह अपने बयान व साक्ष्य भी जांच अधिकारी के समक्ष रख सकता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में सभी को नोटिस जारी कर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संवाद