न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लहरा रोड स्थित एक दुकान पर दो लोगों के बीच मामूली बात पर कहासुनी हो गई और विवाद इतना आगे बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस भी पहुंच गई। इधर, हिंदूवादी संगठनों के कुछ लोग भी थाने पहुंच गए, क्योंकि एक पक्ष एक हिंदूवादी संगठन का पदाधिकारी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रविवार की सुबह कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी हिंदूवादी संगठन के एक पदाधिकारी लहरा रोड पर किसी से बातचीत कर रहे थे। इस बीच वहां पर अलीगढ़ रोड स्थित एक गांव निवासी व्यक्ति भी आ गए। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। मौके पर काफी भीड़ लग गई। लोगों ने मामले को शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को थाने ले आई। एक पक्ष की ओर से गोरक्षा वाहिनी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित कई संगठनों से जुड़े लोग थाने पहुंच गए और दूसरे पक्ष के मारपीट के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एसएचओ मुनीशचंद्र ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।