हाथरस: हसायन के गांव निजामतपुर में तमंचा बनाने की फैक्टरी के साथ गिरफ्तार आरोपी पुलिस की गिरफ्त म
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामतपुर में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की देर शाम को दबिश देकर अवैध रूप से तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से एक युवक को भी गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा।
सीओ सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह ने कोतवाली में पत्रकारों को बताया कि गांव निजामतपुर में एक युवक अपने खेत में बनी हुई झोपड़ी में एक अन्य युवक के साथ मिलकर तमंचा बनाने का काम कर रहा था। पुलिस को मुखबिर से इसकी जानकारी मिली तो मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को तमंचा बनाने के उपकरण सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार किए गए युवक ने अपना नाम सोनू पुत्र विजयपाल सिंह निवासी निजामतपुर बताया। सोनू के कब्जे से छह तमंचे, दो अधबने तमंचे, दो खोखा कारतूस के अलावा तमंचा बनाने के उपकरण बरामद हुए। इस दौरान विजय उर्फ पप्पू पुत्र फूलचंद्र सिंह निवासी वील अल्लिया कोतवाली राया जनपद मथुरा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की है।