हाथरस : सामूहिक विवाह योजना के कार्यक्रम से पूर्व कार्यक्रम स्थल स्टेडियम का निरीक्षण करते अधिक?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 11 दिसंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब 500 जोड़ों को दांपत्य सूत्र में बांधने की रस्म पूरी की जाएगी। प्रशासन की ओर से शुक्रवार को कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) अवधेश सिंह यादव ने तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए। सभी दूल्हा व दुल्हन से अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी व दो-दो फोटो साथ लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौके पर सभी जोड़ों के शादी के पंजीकरण की कार्रवाई पूरी कराई जाएगी।
शासन स्तर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब कन्याओं के विवाह कराए जाने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष नगर निकायों और ब्लॉकों से आवेदन प्राप्त किए गए। समाज कल्याण विभाग को 517 आवेदन मिले। इनमें से करीब 500 जोडे़ शनिवार को खेल स्टेडियम में परिणय सूत्र में बंधेंगे। प्रशासन की ओर से शुक्रवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
हालांकि जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में शिरकत किए जाने केलिए संपर्क किया गया, लेकिन अभी तक किसी भी जनप्रतिनिधि के आगमन का कार्यक्रम निर्धारित नहीं हो सका है। डीडीओ अवधेश सिंह यादव ने स्टेडियम में हो रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस बार सभी नवयुगलों का विवाह के लिए पंजीकरण मौके पर ही कराया जाएगा। इसके लिए सभी आवेदक अपने आधार कार्ड की फॉटोकापी व दो-दो फोटो साथ लेकर आएं। संवाद