न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मिशन शक्ति के तहत जिले के 39 स्वच्छाग्रही, समाजसेवक व ग्राम प्रधानों को मिशन शक्ति के तहत शक्ति चैंपियन की जिम्मेदारी गई है। इन सभी को शुक्रवार को पहचान पत्र व बैज वितरित किए गए।
अभियान के तहत निदेशक महिला कल्याण ने जिले में 39 शक्ति चैंपियन बनाए हैं। शासन से प्राप्त सूची में प्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति के अंतर्गत ग्राम, ब्लॉक और जनपद स्तर से जनसामान्य में से ऐसे महिला, पुरुष, बच्चों और अन्य, जो महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण व हिंसा पर रोकथाम के लिए विभाग को सहयोग करेंगे, उनका चयन शक्ति चैंपियंस के रूप में किया गया है।
इन सभी को शुक्रवार को पहचान पत्र, बैज और कार्य का वितरण किया गया। इस क्रम में जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय और अधिशासी अधिकारी से प्राप्त डाटा के आधार पर सूची में शामिल सभी लोगों को ‘शक्ति चैंपियंस’ के रूप में नामित किया गया है।