न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भीषण गर्मी में अब बिजली भी धोखा देने लगी है। विभाग की लापरवाही व बदइंतजामी की वजह से लोगों को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह मीतई सबस्टेशन से नवीपुर आने वाली 33 केवीए की लाइन में फाल्ट हो गया। इस कारण सुबह से दोपहर तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतों से जूझना पड़ा।
प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सप्लाई देने की बात कह रही है। वहीं गर्मी बढ़ने के साथ बिजली सिस्टम चरमराने लग गया है। शहर के नवीपुर बिजलीघर से जुड़े इलाकों में लोगों को बिजली नसीब नहीं हो रही है। शनिवार की सुबह मीतई सबस्टेशन से गिजरौली होते हुए नवीपुर आने वाली लाइन में फॉल्ट हो गया। इस कारण आवास विकास, नगला भोजा, नगला टीका, विभवनगर, आदि इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिना बिजली के लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण शोपीस बने रहे।
लोगों के घरों में पानी की टंकियां खाली हो गई। लोग पीने के पानी तक के लिए इधर उधर भटकते हुए नजर आए। शाम को भी बिजलीघर के पास बंच कंडक्टर लाइन में फॉल्ट हो गया। इस कारण कुल मिलाकर लॉकडाउन की पांबदियों के बीच लोगों को बिजली नसीब नहीं हो सकी। इस कारण लोग पसीने से तरबतर हो गए। लोगों को खासी मुश्किलों से जूझना पड़ा। देर शाम तक लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे।