न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस के फैलने व जिले में लॉकडाउन की अवधि में 21 लोग विदेश से आए हैं। विदेश से आने के बाद इन लोगों पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। कुछ विदेश से आने वाले लोगों की दिल्ली से भी मॉनीटरिंग की जा रही है। इन लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है।
कोरोना वायरस को लेकर देश भर में लॉकडाउन लगाया गया था। इस लॉकडाउन से पहले व लॉकडाउन अवधि में जिले में विदेशों में रहने वाले लोग व विदेश घूमने जाने वाले लोग लौटकर आए। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार 21 लोग विदेश से जिले में आए हैं। इन लोगों को होम क्वारंटीन किया गया।
कुछ विदेश से आने वाले लोगों की एयरपोर्ट से उतरने के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिल्ली से ही मॉनीटरिंग शुरू कर दी गई। विदेश से आने वाले पांच लोगों की होम क्वारंटीन 28 दिन की पूरी हो चुकी है। शेष लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की मॉनीटरिंग जारी है। वहीं अब भी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी निगरानी कर रहे हैं।