हाथरस: मंडी समिति में कर्मचारियों की जांच करती स्वस्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में कोरोना परीक्षण शुरू होने के साथ ही संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बृहस्पतिवार को जिले में सिकंदराराऊ कोतवाली में तैैनात दरोगा सहित 20 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इन संक्रमितों को उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संपर्क में आने वाले लोगों का नमूना लिया जा रहा है।
कोतवाली सिकंदराराऊ के सिटी इंचार्ज सहित एक कांस्टेबल के कोरोना संक्रमित होने की खबर से कोतवाली परिसर में खलबली मच गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुरदिलनगर निवासी एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कोतवाली सिकंदराराऊ परिसर को सैनिटाइज कराया गया। शहर में अलीगढ़ रोड पर मंडी समिति के कृषक विश्रामालय में तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कोविड की जांच की गई। इसमें मंडी में कार्यरत एक कर्मचारी सहित दो लोग संक्रमित निकले हैं। इसमें से एक मंडी की सफाई कर्मी है जो सासनी की मंडी में तैनात है और दूसरा मंडी में काम करने वाला परसारा निवासी एक पल्लेदार है।
इन दोनों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। शहर के ही आवास-विकास कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय पुरुष 50 वर्षीय महिला और 26 वर्षीय युवती भी कोरोना संक्रमित निकले हैं। मोहल्ला गणपति नगर निवासी 33 वर्षीय पुरुष और 31 वर्षीय महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। शहर के ही 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है। मुरसान के दर्शना निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति, सहपऊ सीएचसी पर जांच के बाद ब्लॉक का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व सहपऊ के मोहल्ला शुक्लयाना की 22 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित निकली है। हसायन के गांव शहबाजपुर में 45 वर्षीय महिला, 64 वर्षीय पुरुष, 60 वर्षीय महिला और 22 वर्षीय युवती और 12 वर्षीय किशोर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।