न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली की दरों के न बढ़ने का जिले के करीब ढाई लाख लोगों को फायदा होगा। इसके अलावा 13 हजार नलकूपों पर मीटर लगाए जाएंगे, लेकिन इन उपभोक्ताओं से विभाग द्वारा फिक्स चार्ज के हिसाब से बिल लिया जाएगा। अब जरूरत इस बात की है कि विभाग बिजली सिस्टम को बेहतर करे। तब उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में 65 बिजलीघरों के जरिये ढाई लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। हर रोज 700 एमबीए बिजली की खपत होती है। चुनावी साल में नियामक आयोग ने प्रदेश के साथ जिले के उपभोक्ताओं को भी बिजली दरों में राहत दी है। इससे आम उपभोक्ता से लेकर अन्नदाता तक सहूलियत महसूस कर रहे हैं। इस साल जिले के उपभोक्ताओं के पहले की तरह बिजली का बिल अदा करना होगा।
इस तरह लिया जाएगा बिजली का बिल
शहरी उपभोक्ताओं को शून्य से 150 यूनिट तक साढ़े पांच रुपये, 151 से तीन सौ यूनिट तक छह रुपये, 301 से पांच सौ यूनिट तक साढ़े छह रुपये, पांच सौ से अधिक पर सात रुपये, घरेलू बीपीएल कार्ड धारकों को तीन रुपये यूनिट के हिसाब से बिल अदा करना होगा। इसी तरह ग्रामीण शून्य से सौ यूनिट तक तीन रुपये 35 पैसे, 101 से 150 यूनिट तक तीन रुपये 85 पैसे, 151 से तीन यूनिट तक पांच रुपये, तीन सौ से ऊपर यूनिट पर छह रुपये, घरेलू बीपीएल कार्ड धारक से सौ यूनिट तक तीन रुपये के हिसाब से बिल लिया जाएगा। अनमीटर्ड उपभोक्ताओं से पांच रुपये प्रति किलोवाट माह के हिसाब से बिल लिया जाएगा।