न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में 15 हजार उपभोक्ताओं के नलकूप का लोड बढ़ाया जाएगा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने यह फैसला विजिलेंस रिपोर्ट के आधार पर लिया है।
उल्लेखनीय है कि कई साल पहले डार्क जोन में अवैध तरीके से लोगों ने नलकूप के कनेक्शन ले लिए थे। 2019 में नियमितीकरण हो गया है। उसके बाद उपभोक्ताओं ने कम लोड का कनेक्शन ले लेकर अधिक लोड की मोटरों का नलकूप में प्रयोग किया। बिजली महकमे द्वारा लोड बढ़ाया गया तो इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की गई। मामले को ध्यान में रखते हुए बीते दिनों आगरा, अलीगढ़, मथुरा, एटा आदि जिलों की विजिलेंस टीमों ने नलकूपों पर जाकर पड़ताल की। जिसमें महकमे द्वारा बढ़ाया गया पांच हजार उपभोक्ताओं का लोड सही मिला।
अब विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के आधार पर बाकी पंद्रह हजार उपभोक्ताओं के लोड बढ़ाने की कवायद चल रही है। इस मामले में अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि विजिलेंस टीमों ने पांच हजार उपभोक्ताओं का लोड चेक किया, जो सही मिला है। जो शिकायत उपभोक्ताओं ने की थी वह गलत साबित हुई है। अब विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के आधार पर पंद्रह हजार नलकूप उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाया जाएगा।