न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के 72 हजार उपभोक्ताओं पर बिजली महकमे का सवा सौ करोड़ रुपये बकाया है। वसूली के लिए शहर से लेकर देहात तक बिल बकाया होने पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसके बाद भी हर माह राजस्व का ग्राफ गिर रहा है। इसे लेकर अधिकारी मंथन कर रहे हैं।
कोरोना काल में आर्थिक तंगी होने से उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं कर पाए। उसके बाद विभाग ने ओटीएस का क्रियान्वयन किया। उसमें चार हजार में से मात्र चार सौ लोगों ने पंजीकरण कराया। ओटीएस के पंजीकरण की तिथि भी अब खत्म होने वाली है।
बकाया न आने से अफसर लगातार क्षेत्रों में खाक छान रहे हैं। उपभोक्ताओं से बिल जमा करने की गुजारिश कर रहे हैं। बड़े बकायेदारों को फोन कर बकाया जमा करने के लिए कहा जा रहा है। इतनी मेहनत के बाद भी परिणाम शून्य है। अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि जिले के करीब 72 हजार उपभोक्ताओं पर सवा सौ करोड़ रुपये का बकाया है। जिसके लिए डिस कनेक्शन अभियान चलाया जा रहा है।