न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में कोरोना का कहर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। अब सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना संक्रमण लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। शहर के घास मंडी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मुख्य शाखा में मंगलवार को एक दर्जन अधिकारी व कर्मी संक्रमित हो गए। इस कारण वहां लेन-देन संबंधी कार्यों के लिए पहुंचे लोग काउंटरों से बैरंग लौट आए।
उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे फिर रफ्तार पकड़ रहा है। अब तक जिले में करीब 600 लोग संक्रमित हो गए हैं। यह सभी होम आइसोलेट हैं। मंगलवार की सुबह एसबीआई की मुख्य शाखा खुलने के साथ लोग काउंटरों पर पहुंच गए। वहां काफी देर तक वह कर्मियों का काउंटर पर इंतजार करते रहे। बैंक के आला अधिकारियों ने बताया कि बैंक में आने वाले व्यक्ति कोविड नियमों का कड़ाई से पालन करें।
करीब एक दर्जन अधिकारी व कर्मी संक्रमित हो गए हैं। इन कर्मियों के संक्रमित होने के कारण कामकाज के लिए पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। एसबीआई मुख्य शाखा के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शाखा में एक दर्जन अधिकारी व कर्मी संक्रमित हुए हैं। इस कारण कामकाज प्रभावित रहा है। बैंक में आने वाले व्यक्ति कोविड नियम का पूरी तरह से पालन करें। संवाद