न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार हो रहे इजाफे को देखते हुए अब जिला प्रशासन 110 बैड का वैकल्पिक अस्पताल बनाने की तैयारी कर रहा है। नगर के जीटी रोड स्थित जेपी हॉस्पिटल को वैकल्पिक अस्पताल बनाया जा सकता है। डीएम, सीडीओ और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को इस अस्पताल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने अस्पताल में इलाज के सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और सीडीओ आरबी भाष्कर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मंगलवार को यहां पहुंचे। अधिकारियों ने पाया कि इस अस्पताल को 110 बैड का वैकल्पिक अस्पताल बनाया जा सकता है। अधिकारियों ने इस भवन में मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। डीएम ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीके अग्रवाल को निर्देश दिए कि यहां तत्काल सफाई के अलावा चिकित्सकीय उपकरणों की व्यवस्था की जाए।
संक्रमितों के लिए मास्क, सैनिटाइजर और दवाओं का इंतजाम किया जाए। अस्पताल स्वामी विपिन वार्ष्णेय ने बताया कि उन्होंने तो शुरू में ही एसडीएम को इस भवन के प्रयोग के लिए सहमति पत्र दे दिया था। कुछ दिन यहां पैरामेडिकल स्टाफ भी आया था। एसडीएम विजय शर्मा, एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल, डॉ. विजेंद्र सिंह, सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह, ईओ डॉ. बृजेश कुमार भी उनके साथ थे।