हाथरस: विकास भवन में एनआरएलएम के कार्यक्रम में मंचासीन सीडीओ व अन्य अधिकारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास भवन स्थित सभागार में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत गांवों में होने वाले स्वयं सहायता समूह गठन की प्रक्रिया को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 11 आईसीआरसी की टीमों ने प्रतिभाग किया। इन टीमों को तीन ब्लॉकों में स्वयं सहायता समूह के गठन के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीओ आरबी भास्कर मौजूद रहे।
शासन स्तर से एनआरएलएम के तहत जिले के ब्लॉक सासनी, हाथरस व मुरसान को चयनित किया गया है। इन ब्लॉकों में स्वरोजगार को लेकर स्वयं सहायता समूह का गठन होगा। इन समूहों को शासन से मिलने वाली मदद मुहैया कराई जाएगी। इन गठनों के माध्यम से गांव की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार कराकर बैंकों से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कि महिलाएं अपना खुद का कारोबार कर सकें।
विकास भवन सभागार में कार्यक्रम के दौरान आईसीआरसी की 11 टीमों को एनआरएलएम के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी गई। सीडीओ आरबी भास्कर ने ज्यादा से ज्याद समूहों के गठन किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीडीओ अवधेश सिंह यादव ने बताया कि ब्लॉक सासनी, हाथरस, मुरसान समूह गठनों के लिए 11 आईसीआरसी की टीमों को रवाना किया जा रहा है। यह टीमें स्वयं सहायता समूह का गठन करेंगी। विकास भवन ने इन टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मिशन के जिला प्रबंधक रंजन कुमार सिंह ने मिशन के बारे में भी जानकारी दी। मौके पर पीडी एके मिश्र, एएसओ दिनेश कुमार, आदि मौजूद थे।